बिलारियागंज क्षेत्र के बिंदवल लोहसरवा गांव का मामला
आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पुलिस को घेरे रखा
आजमगढ़:बिलारियागंज थाना क्षेत्र के बिंदवल लोहसरवा गांव के पोखरे में शुक्रवार की देर रात किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस को काफी देर तक घेरे रखा और शव देने से इन्कार किया। पुलिस के काफी समझाने-बुझाने पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ संदेह के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गांव निवासी व्यक्ति की 15 वर्षीय पुत्री शुक्रवार को अचानक घर से गायब हो गई। तलाश पर पता नहीं चल सका। अंधेरा होने पर स्वजन तलाश में जुट गए। रात करीब नौ बजे पोखरे में उसका शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकालते हुए बिलरियागंज पुलिस को सूचना दी। किशोरी के पिता मुंबई में प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। वह पांच भाई एवं दो बहनों में पांचवें नंबर पर थी। मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बिंदवल गांव के पोखरे में किशोरी के शव मिलने की घटना के राजफाश के लिए पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने एएसपी ग्रामीण सिद्धार्थ के नेतृत्व में टीम का गठन किया है। एसपी ने बताया कि मृतका के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। डाक्टरों के पैनल व वीडियोग्राफी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्य के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment