सपा के बाहुबली विधायक रमाकांत यादव के बेटे अरुनकान्त बोले- इस बार चुनाव में टूटेगा जातिबंधन
आज़मगढ़: भारतीय जनता पार्टी ने आजमगढ़-मऊ विधान परिषद चुनाव के लिए फूलपुर पवई से पूर्व भाजपा विधायक अरूणकांत यादव को प्रत्याशी बनाया है। अरूणकांत यादव 2017 के विधानसभा चुनाव में फूलपुर पवई से भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुए थे। इस बार सपा ने उनके पिता रमाकांत यादव को मैदान में उतार दिया था, जिस पर अरूणकांत यादव ने विधानसभा का चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था। विधानसभा चुनाव के समय ही उन्होंने विधान परिषद का चुनाव लड़ने की बात कही थी। हालांकि भाजपा से विधान परिषद के टिकट के लिए बड़ी संख्या में पदाधिकारी लाईन में थे पर पार्टी नेतृत्व ने अरूणकांत यादव पर भरोसा जताया है। जिले की इस सीट पर अभी तक सपा के राकेश यादव का कब्जा है। मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व विधायक व विधान परिषद के भाजपा प्रत्याशी अरूणकांत यादव का कहना है कि इस बार के चुनाव में जाति का बंधन टूटेगा। सभी लोग एकजुट होकर भाजपा के पक्ष में मतदान करेंगे। इसके पीछे का तर्क देते हुए अरूणकांत यादव ने बताया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में जिले में भाजपा एक भी सीट जीत नहीं पाई है। ऐसे में सरकार और जनता के बीच कोई प्रतिनिधि नही है, जो जिले की जनता की बात सरकार तक पहुंचा सके। अरूणकांत यादव ने कहा कि विभिन्न जाति और धर्म के लोगों से हमारी बात हुई और सभी लोगों का कहना है कि जहां सम्मान मिलेगा हमलोग वहीं रहेंगे। ऐसे में विधान परिषद के चुनाव में इस बार जिले में जाति-बंधन टूटता दिख रहा है और यह चुनाव भाजपा जीतेगी।
Blogger Comment
Facebook Comment