.

.

.

.
.

आज़मगढ़: भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक सपा में शामिल हुए



आजमगढ़ में अखिलेश यादव ने किया एलान,गोपालपुर में दोनों मंच पर साथ रहे

आजमगढ़: यूपी विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के मतदान से पहले शनिवार को बड़ी सियासी घटना घटी। भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए ह। यह एलान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में किया। जिले के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी नफीस अहमद के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा को बड़ा झटका दे दिया। उन्होंने एलान किया की भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। दोनों मंच पर भी साथ रहे। इस दौरान उन्होंने मयंक का मंच पर स्वागत किया और धन्यवाद दिया।
सपा प्रत्याशी के समर्थन में गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के भगतपट्टी में शनिवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभा का आयोजन किया गया था। जनसभा में भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पुत्र मयंक जोशी भी शामिल रहे। इस दौरान अखिलेश यादव ने उनके सपा में शामिल होने की घोषणा की।
मंच से अखिलेश यादव ने कहा कि मयंक के आने से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि जो लोग गर्मी निकाल रहे थे वे छह चरणों में ही ठंडे पड़ गए हैं, उनके घरों से झंडे उतार लिए गए। छठे चरण में ही समाजवादी पार्टी ने छक्के छुड़ा दिए हैं। ये बाबा मुख्यमंत्री को अब नींद नहीं आ रही है।
इसके साथ ही पूर्व जिला पंचायत सदस्य शीला यादव ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की। बता दें कि कुछ दिनों पहले ही मयंक जोशी ने अखिलेश यादव से मुलाकात की थी जिसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि वह सपा में शामिल होंगे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment