2022 में साफ हो जाएगी सपा,70 सालों से ठगी गई जनता- अध्यक्ष,निषाद पार्टी
अतरौलिया सीट पर गठबंधन प्रत्याशी प्रशांत सिंह ने नामांकन पत्र लिया
आजमगढ़: जिले में विधानसभा चुनाव 2022 का नामांकन गुरुवार से शुरू हो गया है। अतरौलिया सीट से बीजेपी-निषाद पार्टी गठबंधन के उम्मीदवार प्रशांत कुमार सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद, लालगंज के भाजपा जिला अध्यक्ष ऋषिकांत राय, पूर्व जिला अध्यक्ष जय नाथ सिंह, आदि के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामाकंन पत्र लिया। नामांकन कार्यक्रम में हिस्सा लेने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा० संजय निषाद भी पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर से सरकार बनाने जा रही है। देश और प्रदेश की जनता को पहले की सरकारों ने ठगने का काम किया है। आज सभी को सरकारी योजनाओं का फायदा मिल रहा है। यही कारण है कि प्रदेश की जनता योगी-मोदी के नाम रट रही है। मीडिया से बातचीत करते हुए संजय निषाद ने कहा कि जब भगवान राम और निषाद राज मिले थे, तो पूरी दुनिया में शांति आई थी। आज भाजपा और निषाद पार्टी का गठबंधन हुआ, तो पूरे प्रदेश में शांति है। राम मंदिर का निर्माण बिना खून-खराबे के हो रहा है। गरीबों की सुख-शांति के लिए चुनाव लड़ा जा रहा है। प्रदेश की जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 सालों से बंदरबांट होता था। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहा करते थे कि 100 रुपए भेजे जाते थे, तो 85 रुपए रास्ते में खाए जाते थे। आज मोदी जी पूरा पैसा सबके खाते में पहुंचाने का काम कर रहे हैं। देश का किसान मोदी के साथ है। पहले गन्ना मूल्य मांगने पर गोली मिलती थी। आज किसानों के खाते में पैसा आ रहा है। इसी रणनीति के तहत हम चुनाव फिर से जीतने जा रहे हैं। जब से निषाद पार्टी का भाजपा से गठबंधन हुआ अखिलेश यादव तभी से लगातार दौड़ रहे हैं। सपा, बसपा और कांग्रेस को लगातार चुनौती मिल रही है। पहले की सरकारों ने निषाद समाज की 18 प्रतिशत आबादी को ठगने का काम किया। प्रदेश की 160 सीटें निषाद बाहुल्य हैं। 2017 में कांग्रेस के साथ सपा ने गठबंधन किया कांग्रेस जीरो हो गई। 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा से गठबंधन किया बसपा जीरो हो गई। इस बार सपा भी साफ हो जाएगी। उन्होंने बताया कि उन्हें पूरे प्रदेश में 15 सीट पर चुनाव लड़ने का मौका मिला है। जिसमें अतरौलिया सीट भी शामिल है। दावा किया कि कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ मिलकर 15 सीटों पर निषाद पार्टी के प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे।
Blogger Comment
Facebook Comment