.

.

.

.
.

आज़मगढ़: अब अहरौला क्षेत्र में मंदिर से चांदी की प्रतिमा और मुकुट हुआ चोरी,आक्रोश


बरदह के बाद अब अहरौला क्षेत्र में मंदिर से मां दुर्गा की मूर्ति व चांदी के मुकुट चोर उठा ले गए

खोजी श्वान की गतिविधियों पर 02 लोग हिरासत में लिए गए

अहरौला (आजमगढ़) : बरदह क्षेत्र के बाद अब अहरौला थाना क्षेत्र के आरूषा गांव में शुक्रवार की रात मंदिर से मां दुर्गा की मूर्ति व चांदी के मुकुट चोर उठा ले गए। इस घटना की भनक लगते ही क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। एक सप्ताह में दो चोरियों से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है। पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
आरूषा गांव के दक्षिण तरफ तमसा नदी के किनारे मां दुर्गा की प्राचीन मंदिर है। मंदिर में लगभग पांच किलो चांदी से निर्मित मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ ही पत्थर की बनी दुर्गा जी की एक बड़ी मूर्ति स्थापित की गई है। दुर्गा जी के पत्थर की बड़ी मूर्ति पर आधा किलो के चांदी का मुकुट लगा था। ग्रामीणों का कहना है कि एक वर्ष से मंदिर पर कोई पुजारी नहीं था। पड़ोसी गांव भवरूपुर निवासी लालचंद राजभर मंदिर की देख-रेख के साथ सुबह-शाम पूजन-अर्चन करते हैं। शुक्रवार की देर शाम लालचंद पूजन व आरती के बाद मंदिर के चैनल गेट में ताला बंद कर घर चले गए थे। रात में चोर चैनल गेट का ताला खोलकर मंदिर के अंदर घुस गए। मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की चांदी की मूर्ति के साथ ही बड़ी मूर्ति के चांदी के मुकुट उठा ले गए। शनिवार की सुबह लालचंद जब मंदिर की सफाई व पूजन अर्चन को पहुंचे तो मूर्ति व मुकुट गायब देख सन्न रह गए। मंदिर में चोरी की खबर पल भर में पूरे क्षेत्र में फैल गई। देखते ही देखते काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। आस्था से जुड़े होने के चलते क्षेत्र के लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त है। सूचना मिलते ही एसडीएम बूढ़नपुर अरविद सिंह, सीओ बूढ़नपुर महेंद्र शुक्ल, अहरौला थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि लालचंद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। 
सीओ बूढ़नपुर महेंद्र शुक्ल की पहल पर फोरेंसिक टीम व डाग स्क्वायड दस्ता मौके पर पहुंच गया। खोजी श्वान मंदिर से निकलकर नदी की ओर से बगल स्थित अनुसूचित बस्ती के पास जाकर रुक गया। श्वान की मदद से पुलिस ने चूड़ी व गले की माला बरामद कर लिया। पुलिस ने आशंका जताई कि चोर नदी के रास्ते गए हैं। अनुसूचित बस्ती के लोगों से पुलिस ने पूछताछ के बाद दो लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment