.

आज़मगढ़: सर्द हवाओं और कोहरे के चलते जारी है शीत लहर, घरों में दुबके लोग


कड़ाके की ठंड ने आम जीवन को किया प्रभावित, आज भी नही हुआ भगवान भास्कर का दीदार

आजमगढ़ : चार दिनों से बिगड़ा मौसम का मिजाज शनिवार को भी ठीक नहीं हुआ। सुबह से भगवान भास्कर का दीदार नहीं हुआ और लोग अलाव से चिपके रहे। इस दौरान आठ किमी की रफ्तार तक चली पछ़ुआ हवा ने ठंड में तड़का लगा दिया। सबकी कंपकंपी छूट रही थी। अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम 19 व न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। आ‌र्द्रता अधिकतम 63 फीसद तो हवा की गति दो से आठ किमी प्रति घंटे रही। हालांकि वाहन चालकों के लिए राहत भरी बात यह रही कि एक दिन पहले रही 10 किमी की दृश्यता शनिवार को 14 किमी रही। फिर भी दोपहिया वाहनों से यात्रा करने की हिम्मत नहीं पड़ी। बहुत जरूरी होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले और लौटे तो कांपते हुए अलाव अथवा हीटर तलाशने लगे। सुबह के बाद शाम होने के साथ आसमान में कोहरे की चादर पहले ही की तरह घनी हो जा रही है। नतीजा मौसम का रुख देख शाम होते ही लोग घरों में कैद हो गए। मौसम की बेरुखी के बीच उन लोगों की मुसीबत ज्यादा बढ़ गई जो रात में नौकरी करके घर लौट रहे हैं अथवा भोर में जरूरी काम से निकल रहे हैं। ऐसे लोगों की समस्या को सुनने वाला भी कोई नहीं है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment