बूढ़नपुर के पास हुआ हादसा, स्कार्पियो में सवार एआरटीओ औरैया, बेटी व मित्र घायल
आज़मगढ़: अतरौलिया थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर के पास शुक्रवार की भोर में एक अनियंत्रित स्कार्पियो सड़क के किनारे एक स्कूल में घुस गई। स्कार्पियो में सवार एआरटीओ औरैया, इनकी बेटी व उनके एक मित्र घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। सिधारी कस्बा निवासी रमेश चंद श्रीवास्तव पुत्र रामचंद्र श्रीवास्तव औरैया जनपद में एआरटीओ हैं। स्कार्पियो से घर लौट रहे थे, उनके साथ आठ वर्षीया बेटी श्रेया व मित्र धर्मेन्द्र त्रिपाठी पुत्र सूर्य नारायण त्रिपाठी निवासी रामकृष्ण नगर कानपुर भी आ रहे थे। धर्मेन्द्र गाड़ी चला रहे थे। ये सभी आजमगढ़ आ रहे थे, धर्मेद्र को वापस कानपुर लौटना था। शुक्रवार की भोर में अतरौलिया थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर के पास पहुंचते ही स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे एक स्कूल के कमरे की दीवार को तोड़ते हुए अंदर घुस गई। स्कार्पियों में सवार उक्त तीनों लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से कोयलसा सीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। सभी का लच्छीरामपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
Blogger Comment
Facebook Comment