आजमगढ़। शहर कोतवाली के बागलखराव पुल के पास सगे भाई को गोली मारने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने बृहस्पतिवार को जुनैदगंज चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। घटना में युवक का साला व उसका एक मित्र भी शामिल था। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों फरार हो गए थे। घायल युवक की तहरीर पर पुलिस ने सगे भाई, साला और साले के दोस्त के साथ ही स्कार्पियो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। जौनपुर के मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी संतोष मिश्रा पुत्र जयप्रकाश बुधवार की सुबह बागलखराव पुल के पास लहूलुहान हाल में मिला था। उसके पेट में गोली लगी हुई थी। पुलिस ने संतोष को अस्पताल भेज कर भर्ती कराया। पुलिस को दी तहरीर में उसने अपने सगे भाई राजकुमार मिश्र के अलावा साला जगन्नाथ, साले के मित्र विकास और स्कार्पियो चालक को नामजद किया था। बृहस्पतिवार की भोर में शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी राजकुमार को जुनेदगंज चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राजकुुमार ने बताया कि संतोष नशे का आदी है। उसकी पत्नी बच्चों को लेकर मायके में ही रहती है। उसी परिवार में मेरी भी ससुराल है। भाई के चलते मैं भी कई दिनों से अपनी ससुराल में ही रह रहा था। मंगलवार को संतोष ससुराल आया और बच्चों को साथ ले जाने के लिए विवाद करने लगा। इस पर साले के मित्र विकास ने स्कार्पियो की व्यवस्था की और फिर संतोष को स्कार्पियो में बैठा कर हम तीनों वापस उसे जौनपुर छोड़ने के लिए निकले। रास्ते में संतोष ने पुन: विवाद शुरू कर दिया। इस पर विकास ने उसे गोली मार दी। मरा समझ कर हम उसे बागलखराव के पास छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस ने राजकुमार का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है और शेष नामजद अभियुक्तों की तलाश में जुटी है।
Blogger Comment
Facebook Comment