.

.

.

.
.

एक्टर सोनू सूद की ट्रेन बांद्रा से पंहुची आजमगढ़ ,प्रवासियों ने कहा मसीहा मिल गया

 
प्रवासियों ने कहा सोनू सूद जैसा हर इंसान नहीं होता,उन्होंने हमें परिवार और माँ से मिलवाया 

सोनू सूद ने कल मुंबई के बांद्रा स्टेशन से अपने खर्च पर रवाना की थी आजमगढ़ के लिए ट्रेन 

आजमगढ़ : किसी मुसीबत से पार पाने के बाद लोग भगवान का नाम लेते हैं लेकिन यहां तो मुंबई से पहुंचे प्रवासियों ने भगवान के साथ सोनू सूद का भी नाम लिया। कहा कि काफी दिनों से फंसे थे लेकिन फिल्म अभिनेता सोनू सूद उनके लिए मसीहा बनकर सामने आए तो घर की राह आसान हो गई। कहा कि हमारे जैसे लोगों को घर पहुंचाने का सोनू सूद ने महाराष्ट्र में बीड़ा उठाया है। अब तो प्रवासियों ने उन्हें भगवान का दर्जा भी दे दिया है। आदर्श रेलवे स्टेशन पर मुंबई के बांद्रा से चलकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन बुधवार को भोर में करीब चार बजे पहुंची। पूरी ट्रेन में 1803 लोग सवार थे लेकिन यहां आसपास के कई जनपदों के 612 प्रवासी उतरे। सभी को रोडवेज बस द्वारा उनके तहसील स्थित शेल्टर होम भेजा गया। प्रवासियों ने बताया कि लॉकडाउन के चलते महाराष्ट्र में फंसे लोगों के लिए सोनू सूद लगातार मदद कर रहे हैं। माहौल ऐसा बन चुका है कि लोग सरकार व प्रशासन से मदद मांगने की जगह सोनू से मदद की गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोनू ऐसे पहले फिल्म स्टार हैं जिन्होंने प्रवासियों को घर भेजने की व्यवस्था बनाई है। मऊ निवासी संजय बताते हैं कि हमारे परिवार के सात लोग थे। किसी का टिकट का पैसा नहीं लगा और रास्ते में खाने -पीने की भी व्यवस्था सोनू सूद की ओर से की गई थी। मेरे एक दोस्त ने बताया कि सोनू भाई की आइडी पर आनलाइन फार्म भरने पर टिकट व खाना-पीना भी मिल रहा है। उसके बाद उनकी वेबसाइट पर आनलाइन फार्म भर दिया। उसके बाद फोन आया कि टिकट बन गया है। हम तो उन्हें मसीहा मानते हैं। हमारा परिवार भी उनको धन्यवाद दे रहा है। इसी तरह लालगंज के निवासी महेंद्र बताते हैं कि मां से मिलने के बाद सोनू का शुक्रिया अदा किया। हमें सोनू के रूप में भगवान मिल गए ऐसे ही लोग बेसहारों का सहारा बनते हैं। सोनू सूद जैसा हर इंसान नहीं होता। इसी तरह सुल्तानपुर के अवधेश, इलाहाबाद के मदन, बलिया के मारकंडेय व जौनपुर के रामचरन का कहना है कि सोनू सूद हमारे लिए भगवान बन गए। उन्होंने मेरे परिवार और मां से मिलाया है। कहा कि सोनू ने लोगों को सिर्फ उनके घर ही नहीं भेजा, बल्कि खाने के पैकेट्स और पानी का बोतल भी मुहैया कराया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment