.

.

.

.
.

आजमगढ़ के मो. इस्लाम अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट को देंगे ये बेशकीमती दान

मो 0 इस्लाम के पास है ऐतिहासिक महत्व का एक सिक्का जिस पर श्रीराम, जानकी, हनुमान का चित्र बना है

लाखों की कीमत वाले इस सिक्के को वह राम मंदिर निर्माण के लिए अयोध्या जा कर ट्रस्ट को सौंपेंगे 

आजमगढ़ : "मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर करना” , तभी तो जब भी मौका आता है, तो लोग सबसे बड़ा धर्म इंसानियत, और सर्वधर्म समभाव को अपनाने और उसका नायाब उदाहरण पेश करने से नहीं चूकते। ऐसी ही एक नायाब नजीर पेश कर रहे हैं आजमगढ़ जिले के रहने वाले मोहम्मद इस्लाम। मो. इस्लाम की दिली ख्वाहिश है कि वह अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट को उनके घर में खुदाई के दौरान मिला एक पौराणिक महत्व का बेशकीमती सिक्का सौंपें। अति प्राचीन इस सिक्के पर राम दरबार की छाप है , यह उन्हें उनके पुराने मकान की खुदाई के दौरान मिला था।
उन्होंने बताया कि वह एक सिक्का लेकर स्वयं अयोध्या जाएंगे और मंदिर निर्माण ट्रस्ट से मिलकर सिक्का सौंपेंगे। इस बारे में उन्होंने बृहस्पतिवार को डीएम की मदद से डीएम अयोध्या से इस विषय में बातचीत की है। जिलाधिकारी एनपी सिंह ने बताया कि सिक्के को लेकर मो. इस्लाम मिले थे। इस बारे में डीएम अयोध्या से बात हो गई है, मो. इस्लाम वहां जाकर सिक्का सौंप सकते हैं। दरअसल, निजामाबाद तहसील क्षेत्र के मजभीटा गांव निवासी मुंशी सैयद मो. इस्लाम आजमगढ़ शहर के सीताराम मोहल्ले में आवास बनाकर रहते हैं। बात 30 नवंबर 2019 की है जब मो. इस्लाम अपने पुराने पैतृक कच्चे मकान को ढहाकर वहां नया मकान बनवाने के लिए खुदाई करा रहे थे। खुदाई करवाते समय दो प्राचीन सिक्के मिले। इस पर भगवान श्रीराम, जानकी, हनुमान का चित्र बना है। मो. इस्लाम ने इसका महत्व समझा और संभालकर रखा था। उनकी पत्नी कनीज फातिमा दिसंबर माह में उसमें एक सिक्का लेकर बाजार गईं और एक सुनार की दुकान पर दिखाया। सुनार ने सिक्के के बदले उसे तीन लाख रुपये के गहना दिए। करीब एक सप्ताह पूर्व मो. इस्लाम को उन्होंने इस बारे में बताया। अब मो. स्लाम बचा एक सिक्का अयोध्या में बनने वाले भगवान राम के मंदिर में उपयोग के लिए देने की तैयारी में है। मो. इस्लाम ने बताया कि अल्लाह और भगवान एक हैं। हमने उन्हें अपने निजी स्वार्थ के लिए धर्म के आधार पर बांट दिया है।
जब यह मंदिर हिंदू और मुस्लिम दोनों के सहयोग से बनेगा तो देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में सौहार्द का संदेश जाएगा। मो. इस्लाम ने इस संबंध में ग्राम प्रधान डा. मिशम अब्बास से भी बात की है। प्रधान ने भी साथ चलकर इस सिक्के को भेंट करने की इच्छा जताई है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment