.

.

.

.
.

आजमगढ़ : सड़क हादसों में स्कूटी सवार महिला व वृद्ध की मौत

शहर कोतवाली क्षेत्र में महिला को ट्रेलर ने रौंदा , अहिरौला में अज्ञात वाहन की चपेट में आया बाइक सवार वृद्ध भी मरा 

आजमगढ़ : शहर कोतवाली क्षेत्र के हाफिजपुर चौराहा के समीप शुक्रवार की सुबह बाइकों में भिड़ंत होने के बाद सड़क पर गिरी महिला को ट्रेलर ने रौंद दिया। हादसे में बाइक चला रहा महिला का देवर घायल हो गया। महिला सीएचसी पर कंप्यूटर आपरेटर के पद पर तैनात थी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही में जुट गई है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव की प्रियंका सिंह (30) पत्नी शिवेंदु उर्फ शिवबंधु सिंह बिलरियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कंप्यूटर आपरेटर के पद पर तैनात थी। वह रोजाना की भांति शुक्रवार की सुबह लगभग दस बजे अपने देवर ज्ञानेंद्र सिंह (30) पुत्र गुलाब सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज ड्यूटी करने के लिए जा रही थी। हाफिजपुर चौराहा के निकट सामने से आ रही दूसरी बाइक में भिड़ंत हो गई। बाइक अनियंत्रित हुई तो प्रियंका दाहिने तरफ सड़क पर गिर गई। उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। प्रियंका की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। ज्ञानेंद्र सिंह घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रियंका की एक पुत्री राधा (8) व पुत्र वेद सिंह (6) हैं। प्रियंका के पति की शाहगढ़ बाजार में मेडिकल हाल की दुकान है। वहीँ अहरौला थाना क्षेत्र के समधी गांव के समीप गुरुवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्र के चौबलिया गांव निवासी राजेंद्र तिवारी (60) खेतीबारी करते थे। वे गुरुवार की रात को लगभग दस बजे शहर से बाइक से घर वापस जा रहे थे कि समधी गांव के समीप अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में पुलिस उन्हें स्वास्थ्य केंद्र पर ले गई, जहां से हालत गंभीर देख डाक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया। परिवार के लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह लगभग नौ बजे उनकी मौत हो गई।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment