.

.

.

.
.

आजमगढ़ : हाई टेंशन करंट से झुलसकर राजगीर समेत दो की मौत

जीयनपुर में राजमिस्त्री और बिलरियागंज में महिला की करंट से झुलसकर मौत हुई, दोनों परिवारों में मचा कोहराम 

आजमगढ़ : जीयनपुर व बिलरियागंज थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह करंट से झुलसकर महिला व राजगीर की मौत हो गई। हृदयविदारक घटना से दोनों परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के भरौली गांव निवासी जयनाथ गोंड (45) पुत्र पतिराम गोंड राजगीर का कार्य कर परिवार का भरण पोषण करते थे। वे शनिवार की सुबह कोतवाली क्षेत्र के इसरहा गांव निवासी एक व्यक्ति के मकान के छत की ढलाई करने गए थे। छत पर मजदूरों के साथ लोहे की सरिया का जाल बना रहे थे। मजदूरों ने बताया कि लोहे की सरिया सीधा करते समय उपर से होकर गए 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन बिजली के तार के स्पर्श में आने से जयनाथ गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें आनन-फानन में पीएचसी अजमतगढ़ ले जाया गया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जयनाथ के दो पुत्र जसवंत व मुन्नी के अलावा एक पुत्री गुड़िया हैं। पत्नी प्रेमा का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीँ बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भैंसहा गांव निवासी माधुरी देवी (52) पत्नी रणधीर मिश्र के मकान का पलास्टर हो रहा है। दीवारों पर पानी देने से पूरे मकान की दीवार व छत गीली थी। छत पर पहले से करंट उतर रहा था। माधुरी किसी कार्य से शनिवार की सुबह अपने मकान की छत पर गई थी। करंट से झुलस जाने से उनकी मौत हो चुकी थी। माधुरी घर में दिखाई नहीं दीं तो उनकी छोटी पुत्री तलाश करते हुए छत पर पहुंची। मां को छत पर गिरा देख शोर मचाया। परिवार के लोग उन्हें बिलरियागंज सीएचसी पर ले गए। डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। माधुरी के तीन पुत्री व एक पुत्र हैं। महिला के मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment