शाम को घर से निकला तो नहीं लौटा,सुबह घर के पास पेड़ से लटका मिला शव
आजमगढ़ : महराजगंज थाना क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद किता दो नई बस्ती गांव में रविवार की सुबह एक किशोर का शव घर के सामने स्थित नीम के पेड़ की डाल से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। मृत किशोर की मां ने उसकी हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी हुई है। मृतक 15 वर्षीय अनूप कुमार पुत्र रामनयन राम अपनी मां व पिता का इकलौता पुत्र था। वह जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। स्वजनों का कहना है कि वह शनिवार की देर शाम लगभग सात बजे घर से निकलकर कहीं गया था। रात में जब वह घर वापस नहीं लौट कर आया तो परिवार के लोगों ने अपने स्तर से उसकी तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। दूसरे दिन रविवार की सुबह घर के सामने स्थित नीम के पेड़ की डाल से रस्सी के सहारे ग्रामीणों ने उक्त किशोर का शव लटका हुआ देख सन्न रह गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी। मृत किशोरी की मां रीता देवी ने बेटे की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने की आशंका जताई है। उसका आरोप है कि सात नवंबर की रात पड़ोस का एक युवक उसके घर के सामने खड़ा होकर मोबाइल पर बात कर रहा था। उसके पुत्र अनूप ने उस युवक को फोन पर बात करने से मना किया था। इस पर उक्त युवक ने अपने भाई के साथ मिलकर उसके पुत्र को मारापीटा था। ग्राम प्रधान ने पूर्व में हुई मारपीट के मामले में कोई भी कार्रवाई करने से उसे रोक दिया था। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। महराजगंज थानाध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
Blogger Comment
Facebook Comment