आजमगढ़ : शहर कोतवाली व निजामाबाद क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में मजदूर समेत दो युवकों की मौत हो गई। वहीं मृत युवक का एक साथी घायल हो गया। उसे घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कंधरापुर थाना क्षेत्र के दुबरहन बुजुर्ग गांव निवासी 38 वर्षीय गुलाब पुत्र राजपति राम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। वह सोमवार की शाम को शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवाजी नगर में एक व्यक्ति के यहां ट्रैक्टर ट्राली पर लदे गिट्टी को गिरा रहा था। लोगों का कहना है कि गिट्टी गिराते समय ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत मजदूर के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। इसी क्रम में दूसरी दुर्घटना निजामाबाद थाना क्षेत्र के बड़ागांव के समीप सोमवार की रात को लगभग आठ बजे हुई। इस दुर्घटना में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे रखे ईंट के चट्टा में टकरा गई। जिससे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, वहीं उसका साथी घायल हो गया। मृत युवक 23 वर्षीय समरजीत पुत्र दूधनाथ ग्राम पुरन्दरपुर थाना सरायमीर का निवासी है। जबकि घायल युवक 20 वर्षीय मिथिलेश पुत्र अवध नारायन सरायमीर क्षेत्र के कुरियावां गांव का निवासी है। उसे लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों का कहना है कि दुर्घटना के समय मृत युवक अपने साथी के साथ शहर से बाइक पर सवार होकर बहनोई के घर जा रहा था। वह रोजी रोटी के सिलसिले में विदेश रहता था। विदेश से दस दिन पूर्व घर आया हुआ था। दो बहनों के बीच वह इकलौता भाई था। मौत की खबर से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Blogger Comment
Facebook Comment