.

आजमगढ़ : घर के बाहर सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या

निजामाबाद थाना क्षेत्र का मामला, हत्या का कारण प्रेम प्रपंच का प्रतिरोध करना बताया जा रहा है

आजमगढ़ : निजामाबाद थाना क्षेत्र के तिलहुआ गांव में बुधवार की रात घर के बाहर सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। मृत युवक के चाचा ने एक युवक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। हत्या का कारण प्रेम प्रपंच का प्रतिरोध करना बताया जा रहा है।
तिलहुआ गांव निवासी 26 वर्षीय विनोद सिंह पुत्र कैलाश सिंह बुधवार की रात को भोजन कर घर के बाहर सो रहा था। परिजन का कहना है कि रात में लगभग साढ़े दस बजे सोते समय हमलावर ने लक्ष्य कर उसे गोली मार दी। गोली मारने के बाद हमलावर मौके से भाग निकला। गोली की आवाज सुनकर परिजन भी घर से बाहर निकल आए। विनोद को लहूलुहान हालत में पड़ा देख वे सन्न रह गए। हमलावर द्वारा चलायी गयी गोली विनोद के सीने के दाहिने तरफ लगी। घायलावस्था में परिजन विनोद को लेकर आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के दो घंटे बाद निजामाबाद थानाध्यक्ष मौके पर आए। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सीओ सदर मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि मृत विनोद के चाचा मुसाफिर सिंह ने देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुवा कला गांव निवासी दीपक सिंह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने हत्या का कारण प्रेम प्रपंच का प्रतिरोध करने की रंजिश बताया है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment