मृतको में महिला उसका नाती और भतीजा है , एक नाती गंभीर घायल
घटना से तीन परिवारों में कोहराम मचा, तीनों शवों को दोहरीघाट पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए मऊ जिला चिकित्सालय भेज दिया
आजमगढ़ : जिले के सीमावर्ती क्षेत्र सुरौली डिघिया नाला पुल से बुधवार की सुबह अनियंत्रित बाइक नीचे गिर गयी। इससे बाइक पर सवार नानी-नाती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं हादसे में दूसरा नाती घायल हो गया। घायलावस्था में उसे आजमगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरौली डिघिया नाला पुल के पास तीन लोगों की हुई मौत की घटना से तीन परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। दुर्घटना के समय मृत भतीजा अपनी बुआ को उसके अपने दोनों नातियों संग उनके घर छोड़ने के लिए जा रहा
था। दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। तीनों शवों को दोहरीघाट पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए मऊ जिला चिकित्सालय भेज दिया है। मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कोठिया गांव निवासी 58 वर्षीय सुभागी देवी पत्नी हीरावन कन्नौजिया का मायका आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के काजी की डिघवनिया गांव में स्थित है। वह कुछ दिन पूर्व अपने दो नाती 13 वर्षीय अंश व 12 वर्षीय बिहान पुत्रगण विनोद कन्नौजिया ग्राम करखिया देवारा थाना मधुबन जिला मऊ निवासी को साथ लेकर मायके आयी थी। बुधवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे सुभागी देवी अपने दोनों नाती व भतीजा 24 वर्षीय सरगम पुत्र टिहुली कन्नौजिया ग्राम काजी की डिघवनिया निवासी के साथ मायके से बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रही थी। रास्ते में आजमगढ़-मऊ जिले के सीमावर्ती सुरौली डिघिया नाला पुल पर वे सभी पहुंचे थे। उसी दौरान सामने से दोहरीघाट की ओर से तेज रफ्तार से पिकअप आ रही थी। पिकअप से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गयी। हादसे में सुभागी देवी व उसके नाती बिहान की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में बाइक चालक भतीजा सरगम व दूसरा नाती अंश घायल हो गए। दोनों को घायलावस्था में लोगों ने एंबुलेस से जिला अस्पताल आजमगढ़ भेजवा दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने सरगम को भी मृत घोषित कर दिया। जबकि अंश को अस्पताल में भर्ती कर उसका इलाज शुरू कर दिया। तीनों शवों को दोहरीघाट थाने की पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मऊ भेज दिया।
Blogger Comment
Facebook Comment