अहरौला थाना क्षेत्र के सिरपट्टी गांव की घटना, आपसी विवाद में मंद बुद्धि बताये जा रहे पति ने पत्नी पर लकड़ी से किया जानलेवा प्रहार
आजमगढ़ : अहरौला थाना क्षेत्र के सिरपट्टी गांव में मंगलवार को दिन में एक युवक ने अपनी पत्नी के सिर पर लकड़ी से प्रहार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित पति मौके से फरार हो गया। हत्या का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है। सिरपट्टी गांव निवासी 22 वर्षीय डिंपल राजभर पत्नी विजय राजभर मंगलवार को दिन में लगभग दस बजे घर में लकड़ी के चूल्हा जलाकर भोजन बना रही थी। उसी दौरान उसका पति भी आ गया। किसी बात को लेकर पति से डिंपल का विवाद हो गया। विवाद के दौरान पति ने आक्रोश में अपनी पत्नी के सिर पर लकड़ी से प्रहार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन अहरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपित पति फरार हो गया। परिजन का कहना है कि आरोपित पति की दिमागी हालत ठीक नहीं है। मृत महिला का मायका महराजगंज थाना क्षेत्र के सरदहा बाजार में स्थित है। उसकी शादी आठ वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी एक साल की एक पुत्री है। हत्या की खबर पाकर अहरौला थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
Blogger Comment
Facebook Comment