इस सदमे से पूरे शहरवासी नहीं उबर पा रहे हैं,मृतकों के घर में मचा है कोहराम
आजमगढ़ : शहर के मुकेरीगंज में बीते रविवार को पटाखा भंडार में लगी भीषण आग की घटना के बाद हुए विस्फोट में मौतों का सिलसिला नहीं थम रहा है। घटना के बाद से ही ऐसा कोई दिन नहीं रहा जिस दिन किसी की मौत न हुई हो। चौथे दिन भी यह सिलसिला जारी रहा और तीन जिदगियां बचाने वाले अजय मौर्य की भी ग्लोबल हास्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस तरह से मृतकों की संख्या जहां नौ हो गई है, वहीं अब भी छह लोग गंभीर रूप से झुलस कर जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इसमें ग्लोबल हास्पिटल में तीन तथा वाराणसी में भी तीन लोग भर्ती है। जिला अस्पताल में भर्ती दो मरीजों की हालत में सुधार हैं। मृतकों के घर के कोहराम को लेकर हर कोई द्रवित हो जा रहा है। इस सदमे से पूरे शहरवासी नहीं उबर पा रहे हैं। रविवार को आग से राखी गुप्ता (24), बेबी गुप्ता (18), उपेंद्र यादव (25), रामलखन (50), राममिलन (40) की मौत हो गई थी। इसी रात 10 बजे जगपत चौहान को वाराणसी ले जाते समय मौत हो गई थी। सोमवार को मुकेरीगंज निवासी सतिराम गुप्ता (55) पुत्र स्व. पल्टन की और मंगलवार को मकान मालिक 35 वर्षीय खिलाड़ी की भी मौत हो गई थी, यानी हर दिन मौत का सिलसिला जारी है। बुधवार की सुबह ग्लोबल हास्पिटल में भर्ती अजय मौर्य की भी मौत हो गई। इस प्रकार मरने वालों की तादाद बढ़ती जा रही है। अब भी छह लोग जीवन व मौत से संघर्ष कर रहे हैं। इन्हें भी बचाने का प्रयास युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों की हालत में सुधार हो रहा है, लेकिन ग्लोबल हास्पिटल में भर्ती मरीजों की हालत अब भी चिताजनक बनी हुई है। लगातार मौत होने से शहर में लोग शोकाकुल हैं।
Blogger Comment
Facebook Comment