.

.

.

.
.

मेंहनगर : फरार हत्यारोपी प्रधान के घर पर बोला धावा,पुलिस ने संभाला मामला

आजमगढ़ : मेंहनगर थाने के गंजोर गांव में मंगलवार को लगभग चार बजे फरार हत्यारोपी ग्राम प्रधान के घर पर  महिलाओं के साथ आधा दर्जन युवकों ने धावा बोल दिया। घर में घुस कर ग्राम प्रधान के परिवार की महिलाओं से भिड़ गईं। मारपीट के दो दौरान तीन महिलाएं आंशिक रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस के पहुचते ही स्कार्पियों सवार चार महिलाओं के साथ ही अन्य लोग भाग निकले। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
मेंहनगर थाने के गंजोर गांव निवासी 60 वर्षीय निठुरी गोंड की पांच जनवरी को ग्राम प्रधान कमलेश सिंह के दरवाजे पर गोली लगने से मौत हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दूसरे दिन ग्राम प्रधान सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। हत्या के बाद से ही मृत निठुरी गोंड के परिजनों के पास संवेदना प्रकट करने वालों का आना-जाना लगा हुआ है। इसी क्रम में मंगलवार को लगभग चार बजे स्कार्पियो सवार एक महिला परिजनों को सांत्वना देने पहुंची। उसके साथ तीन और महिलाएं भी थीं। आरोप तो यह भी है की स्कार्पियो पर भाजपा का झंडा लगा था। परिजनों को ढांढस बंधाते हुए स्कार्पियो सवार महिला ने कहा अब तक हत्यारोपी ग्राम प्रधान गिरफ्तार नहीं किया गया है। इतने में स्कार्पियो महिला मृत वृद्ध के परिजनों और गांव के कुछ युवकों को लेकर हत्यारोपी ग्राम प्रधान के घर पर धमक पड़ी। पूछताछ के दौरान कुछ महिलाएं और युवक ग्राम प्रधान के घर में घुस गए और महिलाओं के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान ग्राम प्रधान की 20 वर्षीया भतीजी पूजा पुत्री कृष्णमुरारी सिंह, 14 वर्षीया बबिता और बीच-बचाव करने पहुंची पड़ोसी 50 वर्षीया टिंकू पत्नी छेदी सिंह आंशिक रूप से घायल हो गई। इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस के आने की आहट मिलते ही स्कार्पियो सवार महिला के साथ ही सभी भाग निकले।
वहीँ मेंहनगर थाने के एसआई शेखर यादव ने किसी तरह की मारपीट से इंकार कर दिया। बताया कि स्कार्पियो से कोई महिला मृत वृद्ध के परिजनों को सांत्वना देने आई थी और वही हत्यारोपी ग्राम प्रधान के दरवाजे पर पूछताछ के लिए गई थी। इस दौरान वाद-विवाद होने की सूचना पर पुलिस पहुंच गई थी और मामला बढ़ नहीं पाया ।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment