मृत किशोर के गले में मफलर कसकर बंधा हुआ था,पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी
महराजगंज (आजमगढ़) : महराजगंज थाना क्षेत्र के गोंदापुर गांव में एक दिन लापता हुए किशोर का मंगलवार की दोपहर को दूसरे दिन उसका शव गांव के बाहर स्थित बांसवारी में कटे बांस की खूंटी के बीच से बरामद हुआ। परिजनों ने किशोर की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। वहीं शव मिलने के बाद पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।गोंदापुर गांव निवासी 17 वर्षीय बृजभान साहनी पुत्र मोती साहनी सोमवार की सुबह लगभग छह बजे खुरपा लेकर किसी किसान का गन्ना काटने की बात कह कर घर से निकला हुआ था। देर शाम तक जब वह वापस घर नहीं आया तो परिवार के लोग उसकी तलाश करने लगे। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। दूसरे दिन मंगलवार की दोपहर को लगभग बारह बजे घर से ढाई सौ मीटर दूर स्थित बांसवारी में कटे बांस की खूंटियों के बीच में उक्त किशोर का शव पड़ा देख ग्रामीण सन्न रह गए। ग्रामीणों की सूचना पर यूपी 100 के साथ महराजगंज थाने की पुलिस भी मौके पर आ गई और छानबीन शुरू कर दी। परिजन का कहना है कि मृत किशोर के गले में मफलर कसकर बंधा हुआ था। मफलर का एक सिरा बांस से बंधा हुआ मिला। परिजनों ने उसकी गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। महराजगंज थानाध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृत किशोर सात भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह कक्षा 10वीं का छात्र था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Blogger Comment
Facebook Comment