आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2019 को एक बड़े मिशन के रूप में लिया है। बाइक कमल संदेश यात्रा के बाद अब पार्टी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150वीं जयंती वर्ष के तहत पद यात्रा कार्यक्रम शुरू किया है। 15 दिवसीय इस कार्यक्रम के दौरान कार्यकता 150 किलोमीटर लम्बी पदयात्रा करेंगे। इस दौरान शहर के साथ ही साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विधानसभा वार हर घर में जाकर सम्पर्क करेंगे और उन्हें केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से अवगत करायेंगे।दीदारगंज विधानसभा में मार्टीनगंज तहसील के मुख्य गेट से विधानसभा के प्रभारी संयोजक इन्द्रपती सिंह की देख रेख में शुरू की गयी पद यात्रा को सांसाद नीलम सोनकर व वरिष्ठ नेता कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। कृष्ण मुरारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की यह यात्रा आज से प्रारम्भ होकर पंद्रह दिसम्बर तक चलेगी। केन्द्र व उत्तर प्रदेश में सरकार अपनी है। इस सरकार ने अपने कार्यकाल में जितना कार्य कर दिया उतना कार्य अन्य पार्टी के लोगो की सरकार ने नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की गरीब जनता के लिए जो कार्य किया है उसे हमारे कार्यकर्ता गावों मे जाकर लोगों को बतायेंगे। इस अवसर पर कुसुम लता बौद्ध, किरण कुमारी, अनुराग राय, बजरंग बहादुर सिंह, ठाकुर प्रसाद सिंह, जेपी जायसवाल, अभिषेक यादव, विनीत जायसवाल, दिनेश जायसवाल, अखिलेश राय, जीतेन्द्र सिंह, सुशील सिंह, सुक्खू धरिकार आदि उपस्थित थे। सदर विधानसभा में पदयात्रा का शुभारम्भ गांधी तिराहा रैदोपुर से पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण तिवारी ने झंडी दिखाकर किया। वहीं सगड़ी विधानसभा में प्राचीन शिव मंदिर जीयनपुर से क्षेत्रिय कार्यसमिति सदस्य प्रेम प्रकाश राय के नेतृत्व में पदयात्रा शुरू की गयी। गोपालपुर विधानसभा में देवड़ा दामोदरपुर से जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह, मुबारकपुर विधानसभा में सठियांव बाजार से विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह, मेंहनगर विधानसभा में लखराव पोखरा मेंहनगर से नरेंद्र सिंह, अतरौलिया विधानसभा में पदयात्रा शम्मों माता अतरौलिया से प्रदेश मंत्री त्रयंबक तथा फूलपुर पवई विधानसभा में पदयात्रा आदित्य राय की देखरेख में शुरू हुई। इसी तरह निजामाबाद विधानसभा में पदयात्रा का शुभारम्भ निजामाबाद नगर से क्षेत्रिय महामंत्री सहजानंद राय, लालगंज विधानसभा में पदयात्रा का शुभारम्भ विकासखंड मुख्यालय लालगंज से प्रभारी मुन्ना दूबे के नेतृत्व में शुरू की गयी। जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में एक साथ सभी विधानसभाओं में प्रारंभ होने वाली पदयात्रा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 150 वीं जयंती वर्ष पर समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी जयंती पर स्वच्छ भारत मिशन की जो शुरूआत किया वो आज जन आंदोलन बन चुका है जिसके अन्तर्गत शौचालय निर्माण के लिए लोगों को सहायता प्रदान किया गया। इसका असर गांव-गांव शहर-शहर दिखने लगा है। पदयात्रा के माध्यम से घर घर जाकर सम्पर्क स्थापित कर लोगों की समस्याओं को जानने का प्रयास किया जाएगा। गांवों में सायंकाल चौपाल लगाकर हमारे कार्यकर्ता केन्द्र व प्रदेश सरकार की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के बीच रखेंगे। जनता से संवाद स्थापित करेंगे जन समस्याओं की जानकारी एकत्रित कर सरकार तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
Blogger Comment
Facebook Comment