आजमगढ़ : अपनी आठ सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग पर माध्यमिक शिक्षक संघ ने शुक्रवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय परिसर में जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। संघ के प्रदेश अध्यक्ष चेत नारायण ने कहा सरकार शिक्षकों कीमांगों को अनसुना कर रही है। लंबे समय से शिक्षक मानदेय दिए जाने, शिक्षकों को पांच लाख रुपये तक की चिकित्सीय सुविधा, प्रोन्नत वेतनमान सहित विभिन्न मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांग नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने कहा कि वेतन विसंगति को दूर करने, तदर्थ विनियमित में पूर्व सेवा का लाभ देते हुए चयन/प्रोन्नत वेतन देने, कोटीकरण की अनियमितताओं को दूर करने, स्थानांतरण अधिनियम में अंतरमंडलीय स्थानांतरण को लागू करने की मांग शिक्षक कर रहे हैं, जिसे सरकार को पूरा करना ही होगा। यदि सरकार हमारी मांगों को अनसुना करेंगी तो हम आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। नरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षकों की बहुत समस्याएं हैं जिसका मांग पत्र जिला विद्यालय निरीक्षक को दिया गया। उन्होंने कहा कि जीपीएफ से लोन मिलने में बहुत ज्यादा विलंब होता है। इतना ही नहीं पदोन्नति की पत्रावलियां लंबित रहती हैं। अनावश्यक शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में राकेश सिंह , जयनारायण पांडेय, डा. दिनेश सिंह , आनंद मोहन सिंह , राघवेंद्र सिंह , लवकुमार राय, सुरेश पांडेय सहित मऊ व बलिया के शिक्षक शामिल रहे ।
Blogger Comment
Facebook Comment