ठेलों पर फल बेच रहे कारोबारियों को सड़े-गले फल बेचने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई
आजमगढ़ : नवरात्र और दुर्गा पूजा के अवसर पर मिलावटी खाद्य पदार्थो की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) का अभियान शनिवार को भी जारी रहा। टीम द्वारा जहाँ दूध विक्रेताओं के दो नमूने लिए गए तो वहीँ ठेलों पर फल बेच रहे कारोबारियों को सड़े-गले फल बेचने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। वर्तमान त्योहारों के सीजन में एफडीए के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय के नेतृत्व में टीम ने शहर के ब्रह्मस्थान पर 'शुद्ध दूध' के वाहन से उतर रहे दूध का नमूना लिया। इसके अलावा लगभग एक क्विंटल दूध बेचने जा रहे किशुनदासपुर निवासी जितेंद्र यादव के दूध का भी नमूना लिया। दोनों नमूनों को सील कर जांच के लिए राजकीय जनविश्लेषक प्रयोगशाला लखनऊ के लिए भेज दिया गया। एफडीए की इस कार्रवाई से दूध बेचने वाले और अन्य कारोबारियों में अफरातफरी की स्थिति दिखी। कई दूध बेचने वालों ने तो रास्ता ही बदल दिया। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामचंद्र यादव व हरेंद्र कुमार शामिल थे।
Blogger Comment
Facebook Comment