आजमगढ़ 25 सितम्बर 2018-- पशु पालन विभाग के तत्वाधान में न्याय पंचायत महुला के ग्राम महुला, विकास खण्ड अजमतगढ़ में विकास खण्ड स्तरीय पं0दीनदयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी के अवसर पर पशु आरोग्य शिविर/मेले का आयोजन किया गया। आयोजित शिविर का शुभारम्भ मुख्य अतिथि घनश्याम पटेल, प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा द्वारा फीता काटकर एवं गो पूजन कर किया गया। मुख्य अतिथि ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारे देश में 70 प्रतिशत किसान मात्र कृषि पर ही आधारित हैं, जबकि आर्थिक रूप से समृद्ध होने के लिए उन्हें व्यवसायिक रूप से पशुपालन करने की भी आवश्यकता है। उन्होने कहा कि देवारा क्षेत्र के किसान बड़े पैमाने पर पशु पालन से जुड़े हैं जिनके पशुधन की समुचित देख-रेख, उत्तम चिकित्सा व स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के साथ-साथ नस्ल सुधार कार्यक्रम की नितान्त आवश्यकता है, जिसके लिए पशु पालन विभाग के लोग आपके द्वार तक पहुंच रहें हैं। ऐसे मेले में पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित पशु आरोग्य शिविर/मेला पशुपालकों एवं किसानों के लिए वरदान साबित होगा। इसी क्रम में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ0 वीके सिंह द्वारा मेला आयोजन के उद्देश्य, पशुधन की सुरक्षा, पशुधन बीमा एवं विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गयी। डाॅ0 एसपी सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (चिकित्सा स्वास्थ्य) द्वारा टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। डाॅ0 एके गुप्ता, डाॅ0 संजय पाण्डेय एवं डाॅ0 विनोद कुमार यादव ने पशुओं में बांझपन की समस्या के निराकरण, खानपान, नस्ल सुधार एवं परजीवी की रोकथाम की जानकारी दी गयी। इस अवसर पर सैकड़ों पशुपालक एवं पशुपालन विभाग के कर्मचारी आदि उपस्थित रहे। पशुपालकों को विभिन्न बिन्दुओं पर जानकारी हेतु पम्पलेट भी वितरित किया गया।
Blogger Comment
Facebook Comment