.

भारत रक्षा दल ने श्रद्धापूर्वक मनाई स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि

आजमगढ़:: भारत रक्षा दल के तत्वावधान में बुधवार को वेदान्त के विख्यात और प्रभावशाली आध्यात्मिक गुरू स्वामी विवेकानन्द जी की 116वीं पूण्यतिथि विवेकानन्द चौराहा(चर्च चौराहा) स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक मनायी गयी। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के कोर कमेटी के सदस्य डा. राजीव पाण्डेय एवं संचालन निशीथ रंजन तिवारी ने किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए संगठन के मण्डल अध्यक्ष मोहम्मद अफजल ने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी को स्वामी विवेकानन्द जी के विचारों और कर्मो से प्रेरणा लेनी चाहिए। स्वामी विवेकानन्द जी का वास्तविक नाम नरेन्द्र नाथ दत्त था। उन्होनें अमेरिका स्थित शिकागो में सन् 1893 में आयोजित विश्व धर्म महासभा में भारत की ओर से सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व किया था।
अध्यक्षता करते हुए डा. राजीव पाण्डेय ने बताया कि भारत का आध्यात्मिकता से परिपूर्ण वेदान्त दर्शन अमेरिका और यूरोप के हर एक देश में स्वामी विवेकानन्द जी की वक्तृता के कारण ही पहुंचा। उन्होनें रामकृष्ण मिशन की स्थापना की थी जो आज भी अपना काम कर रहा है। वे स्वामी रामकृष्ण परमहंस के सुयोग्य शिष्य थे। उन्हें प्रमुख रूप से उनके भाषण की शुरूआत ‘मेरे अमेरिकी भाईयों एवं बहनों’ के साथ करने के लिए जाना जाता है। उनके इस सम्बोधन के प्रथम वाक्य ने सबका दिल जीत लिया था।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए निशीथ रंजन तिवारी ने बताया कि उन्तालिस वर्ष के संक्षिप्त जीवनकाल में स्वामी विवेकानन्द जी जो काम कर गये वे आने वाली अनेक शताब्दियों तक पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। तीस वर्ष की आयु में स्वामी विवेकानन्द ने शिकागो, अमेरिका के विश्व धर्म सम्मेलन में हिन्दू धर्म का प्रतिनिधित्व किया और उसे सार्वभौमिक पहचान दिलवायी। गुरूदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने एक बार कहा था कि- ‘‘यदि आप भारत को जानना चाहते है तो विवेकानन्द पढ़िये। उनमें आप सब कुछ सकारात्मक ही पायेंगे, नकारात्मक कुछ भी नहीं।’’। इस अवसर पर राजकिशोर सिंह के सौजन्य से स्वामी विवेकानन्द जी की स्मृति में उनके प्रतिमा स्थल पर पौधारोपड़ भी किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से संगठन के नगर अध्यक्ष मनीष कृष्ण साहिल, केशव प्रसाद सोनू, धर्मवीर विश्वकर्मा, राजकिशोर सिंह, धनन्जय अस्थाना, राजन अस्थाना, दुर्गेश श्रीवास्तव, प्रवीण कुमार गौड़, सुनील वर्मा, आर.पी. श्रीवास्तव, विक्की, शिशिर रंजन तिवारी, अजय विश्वकर्मा, रामजनम निषाद आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भारत रक्षा दल के कार्यकर्ता जब विवेकानन्द चौक स्थित स्वामी विवेकानन्द जी के प्रतिमा स्थल पर पहुचे तो वहां नगर पालिका प्रशासन की उदासीनता नजर आयी। पार्क के आस-पास गन्दगी का अम्बार लगा हुआ था साथ ही पार्क में लाखों रूपयें की लागत से लगा फौव्वारा खराब पड़ा हुआ था। नगर पालिका परिषद के इस कृत्य की उपस्थित लोगों ने घोर निन्दा की। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment