आज़मगढ़:: तहबरपुर थाना के लारपुर गाँव में सोमवार को दिन में खेत में मिली गेंद पर हक जमाने को लेकर पहले बच्चों फिर बड़ों में मारपीट के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गयी। घटना में एक युवक सीने में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि अन्य लोग बाल बाल बच गए। बताया जा रहा है की दोनों पक्षों में पहले से भूमि विवाद चल रहा है। मामले में घायल पक्ष की तरफ से नामजद तहरीर दी गयी है । एसपी नगर ने कहा की मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी। लारपुर निवासी घायल अमृत सिंह यादव व पीड़ित परिज़नों के अनुसार पट्टीदारों से काफी पुरानी भूमि विवाद में रंजिश चली आ रही है। सुबह खेत में मिली गेंद को लेकर बच्चों में विवाद हुआ जो बड़ों के झगडे में तब्दील हो गया। शोर गुल सुनकर अमृत यादव (30) पुत्र राम सिंह यादव जैसे ही खेत के पास गया उसको लक्ष्य कर ताबड़तोड़ फायरिंग की गयी जिसमे से एक गोली उसको लगी। घटना के बाद अफरातफरी मच गयी। आनन फानन में घायल को जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां हालत गंभीर देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ जीएल केसरवानी के अनुसार गोली सीने के आरपार हुई है, हालत स्थिर है। मामले में एसपी सिटी के अनुसार काफी पहले बच्चों की गेंद खेत में गायब हो गयी थी। गेहूं की कटाई की गयी तो बॉल मिलने पर दोनों पक्ष के बच्चे लेने को अड़ गए। इसी से विवाद तूल पकड़ लिया। अभी घायल पक्ष उपचार करा रहा है। तहरीर के अनुसार जांच कर कार्रवाई की जायेगी।
Blogger Comment
Facebook Comment