सरायमीर/आज़मगढ़:: सरायमीर थाना क्षेत्र के फत्तनपुर गांव के पास गुरूवार की पूर्वांह्न करीब 11 बजे अनियंत्रित स्कार्पियों एक बाइक को धक्का मारने के बाद सड़क किनारे खाई में पलट गई। दुर्घटना में पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फत्तनपुर ग्रामसभा के हाजीपुर पुरवा निवासी राजेंद्र (50) पुत्र लूरखुर अपनी पत्नी उर्मिला (45) के साथ स्पलेंडर बाइक से फूलपुर से घर लौट रहा था। अभी वह गांव के पास ही पहुंचा था कि पीछे से आयी तेज गति स्कार्पियों के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित स्कार्पियों बाइक में टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खाई में पलट गई। स्कार्पियों की टक्कर से पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खरेवां में भर्ती कराया जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गम्भीर देख ज़िला अस्पताल रेफ़र कर दिया गया। घटना की जानकारी होने पर घायल की पुत्री निशा अपने चाचा के साथ अस्पताल पहुंची और माता पिता की हालत देखने के बाद बेहोश हो गयी। उसका उपचार किया जा रहा है। उधर खाई में पलटी स्कॉर्पियो से एक महिला व पुरूष को दरवाज़ा तोड़कर बाहर निकाला गया, उन्हें खरोच तक नहीं आई थी। सूचना मिलने के घंटो बाद पहुंची पुलिस ने खाई में पलटी स्कार्पियो को क्रेन बुलाकर बाहर निकलवाया।
Blogger Comment
Facebook Comment