आजमगढ़: अतरौलिया-अहरौला मार्ग पर खजुरी गांव के पास सड़क किनारे स्थित ताड़ के पेड़ में बाइक टकराने से घायल युवक ने शनिवार की शाम इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जानलेवा पेड़ से टकराकर अब तक चार जाने जा चुकी हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अहरौला थाना क्षेत्र के खजुरी ग्राम निवासी राजाराम व उसकी पत्नी की लगभग चार वर्ष पूर्व गंभीर बिमारी के चलते मौत हो चुकी है। स्व. राजाराम का इकलौता पुत्र संजय (25) अपनी पत्नी व दो बच्चों के पालन-पोषण के लिए मजदूरी करता था। बीते 26 फरवरी को गांव के ही दो अन्य साथियों के साथ बाइक रेस की शर्त के दौरान संजय की बाइक घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित ताड़ के पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में संजय गम्भीर रुप से घायल हो गया। गांव वालों द्वारा जुटाई गई आर्थिक मदद से घायल संजय का इलाज शहर के निजी अस्पताल में चल रहा था। शनिवार की शाम उपचाराधीन संजय की मौत हो गई। मृतक के दो वर्ष का एक पुत्र व छह माह की एक पुत्री बताई गई है। दो मासूमों के सिर से उठे पिता के साए के चलते गांव में मातम पसरा हुआ है। मृत संजय की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
Blogger Comment
Facebook Comment