आजमगढ़ : जनपद के तीन थाना क्षेत्रों में मंगलवार को हुए सड़क हादसों में बाइक सवार जीजा-साली सहित चार लोग जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से तीन लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। तहबरपुर थाना क्षेत्र के जिगना गांव निवासी सीमा (18) पुत्री पिंटू चौहान मंगलवार की सुबह पैदल विद्यालय जा रही थी। जैसे ही वह कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदुरी प्राइमरी स्कूल के पास पहुंची कि स्कूल बस की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। एंबुलेंस की मदद से घायल छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी क्रम में रौनापार थाना क्षेत्र के महरौड़ का पूरा गांव निवासी हरेंद्र (25) पुत्र योगेंद्र चौहान मंगलवार की सुबह अहरौला थाना क्षेत्र के गौरी गांव निवासी अपनी साली नीलम (21) को बाइक पर बैठाकर उसके घर छोड़ने जा रहा था। सुबह करीब दस बजे कप्तानगंज थाना क्षेत्र के देऊरपुर गांव के पास सामने से आ रही बोलेरो की बाइक में टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में हरेंद्र व उसकी साली नीलम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों द्वारा रेफर कर दिए जाने पर उन्हें दोपहर बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका ईलाज चल रहा है। इलाहाबाद जनपद निवासी इकरार अहमद (20) बिलरियागंज थाना क्षेत्र के छिछोरी गांव निवासी रिश्तेदार रिजवान अहमद के घर रहता है। मंगलवार की दोपहर इकरार टाटा सूमो से क्षेत्र के मधनापार गांव निवासी अपने दोस्त के घर जा रहा था। वह मधनापार गांव स्थित कब्रिस्तान के पास तेज रफ्तार टाटा सूमो कब्रिस्तान की दीवार तोड़ते हुए खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में चालक इकरार गंभीर रूप से चोट लग जाने से वह बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दुर्घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
Blogger Comment
Facebook Comment