आजमगढ़ : महराजगंज नगर पंचायत के सरोजिनी नगर वार्ड में शुक्रवार की रात एक शादी समारोह में आए बाराती बोलेरो वाहन से मछली चोरी करके फरार हो गए थे । कुछ देर बाद पुलिस ने वाहन चालक को एक कैरेट मछली सहित पकड़ लिया। पुलिस ने सुबह दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता कराकर छोड़ दिया। क्षेत्र के सरोजनी नगर वार्ड निवासी कन्हैया लाल सोनी की पुत्री की शादी शुक्रवार को थी। बरात अंबेडकरनगर जनपद के बसखारी थाना क्षेत्र के शुकुल बाजार से आई थी। रात में बराती जलपान करने के बाद बरात लेकर बाजार भ्रमण पर निकले। इसी दौरान दूल्हे के कुछ साथी बरात के पीछे-पीछे बोलेरो वाहन से चल रहे थे। रात करीब 11 बजे थाने से पश्चिम स्थित उदयभान सोनकर जो मछली का थोक व्यवसायी है, उन्होंने अपने घर के सामने बरामदे में थर्माकोल कैरेट में कई कैरेट मछलियां रखी थीं। इसी समय मौका पाकर बोलेरो सवार दूल्हे के साथियों ने एक कैरेट मछली उठा लिया और फरार हो गए। आहट पाकर व्यवसायी के पुत्र ने बाइक से बोलेरो का पीछा किया। उसे गल्ला मंडी में एक बोलेरो वाहन खड़ी मिली और उसमें सफेद रंग का कैरेट भी दिखा तो वाहन चालक से पूछताछ करना शुरू किया , इतने में वाहन में सवार लोग मौके से फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस बोलेरो चालक को थाने लाई। शनिवार की सुबह दोनों पक्षों में समझौता कराकर मामला रफा दफा किया गया ।
Blogger Comment
Facebook Comment