.

चुनाव चिन्ह आवंटन प्रक्रिया पर जिलाधिकारी ने विस्तार से की चर्चा

आजमगढ़ 09 नवम्बर -- जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी चन्द्र भूषण सिंह ने कहा है कि निर्वाचन कार्य एक महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध कार्य होता है। इस कार्य में लगे सभी अधिकारी राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का भलि भांति अध्ययन कर पालन सुनिश्चित कर नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2017 को निष्पक्ष, निर्भीक एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराएं  तथा आर्दश आचार संहित का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाय। जहां कही भी इसका उल्लंघन होते पाया जाय तो सम्बन्धित के विरूद्ध अधिनियम के तहत कार्यवाही सुनिश्चित की जाय।
उक्त निर्देश जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2017 के सम्बन्ध में  बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। इस अवसर पर उन्होने बताया कि संवदेनशील केंद्र पर सीसीटीवी, विडियो कैमरा तथा कैमरा की व्यवस्था की गयी है तथा नगर पालिका आजमगढ़ ,मुबारकपुर तथा लालगंज नगर पंचायत में ड्रोन कैमरा लगाया जायेगा। यदि कोई व्यक्ति शान्ति व्यवस्था में  व्यवधान करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। प्रशासन निर्वाचन को सकुशल, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु पुरी तरह तैयार है। सुरक्षा एवं शान्ति व्यवस्था के दृष्टिगत रखते हुए पुलिस बल की पर्याप्त उपलब्धता रहेगी। संवेदनशील/अतिसंवेदनशील बूथों पर सतत् निगरानी रखी जायेगी।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन प्रतीक आवंटन  प्रक्रिया के सम्बन्ध में विस्तार से प्रकाश डाला तथा कहा कि जो प्रतीक प्रत्याशी को आबंटित की जाय उसका एक नमूना प्रत्याशी को भी उपलब्ध कराया जायेगा एवं प्रतीक प्राप्ति के प्रमाण स्वरूप उस प्रत्याशी/उसके प्रतिनिधि के हस्ताक्षर/अंगूठा नामांकन पत्रों  पर प्राप्त कर लिया जाय या पृथक से प्राप्ति रसीद ले ली जाय और उसे नामांकन पत्रों  से सम्बन्धित पत्रावली में  रखा जाय। प्रत्याशी को जो नमूना प्रतीक दिया जाय उस प्रतीक के नाम का भी उल्लेख प्रतीक प्राप्ति रसीद अथवा नामांकन पत्रों पर कर लिया जाय।
इस अवसर पर डीएम ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के उम्मीदवारों द्वारा प्रतिको का चयन तथा उसका आबंटन, अमान्यता प्राप्त एवं तात्कालिक एवं अनन्तिम रूप से सामयिक (प्रोविजनल) पंजीकृत दलों द्वारा प्रतीकों का चयन तथा उनका आबंटन, निर्दलीय उम्मीदवारों  द्वारा प्रतीकों का चयन तथा उनका आबंटन आदि के सम्बन्ध में  विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवार की हिन्दी वर्णमाला क्रम में  तीन भाग में सूची तैयार की जायेगी। प्रथम भाग में  मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों  के निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों के नामों की वर्णमाला क्रम में, द्वितीय भाग में  अमान्यता प्राप्त पंजीकृत दलों , तात्कालिक  या अनन्तिम रूप से सामयिक पंजीकृत दलों , तृतीय भाग में निर्दलीय निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारो की सूची हिन्दी वर्णमाला क्रम में तैयार की जायेगी तत्पश्चात उम्मीदवारों को आवंटित प्रतीक उनके नाम के सम्मुख लिखे जायेगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारीगण, उप जिलाधिकारीगण, मुख्य कोषाधिकारी, आरो एवं प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।  

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment