सगड़ी: आजमगढ़ : जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक किसान को धान के खेत में सर्पदंश के उपरांत ग्रामीण व परिजन द्वारा इलाज की जगह झाड़-फूंक के लिए दौड़ भाग भारी पड़ गयी। किसान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जानकारी के अनुसार जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के चक अजीज लक्षिया गांव निवासी मृतक छन्ने राजभर 38 पुत्र सेतु राजभर दो दिनों से हो रही बारिश को देखते हुए वह अपने धान के खेत देखने गया हुआ था कि खेत में ही विषैले सांप ने डस लिया जिससें वह अचेत होने लगा । ग्रामीणों व परिवार के लोगों द्वारा उसे झाड़-फूंक कराया गया व फिर सती माई के स्थान गाजीपुर जीप से ले गए सती माई के स्थान पर ले जाते समय मृतक छन्ने राजभर रास्ते में बातचीत करते हुए गांव वालों के साथ गया किंतु सती माई के स्थान पर पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। बुधवार की देर रात शव को लेकर ग्रामीण घर पर वापस आए। सर्पदंश के ठीक बाद उपचार हेतु स्थानीय व जिला अस्पताल किसी भी डॉक्टर के पास उसे नहीं ले जाया गया, अगर ऐसा होता तो शायद वो बच भी जाता । मृतक की पत्नी मीना का रो-रो कर बुरा हाल रहा,उसके पास पांच बच्चे हैं। जिनमें सुजीता 13,नीतू 11,धनंजय 9,धीरज 6,नीरज 3 साल के है। मृतक परिवार के भरण पोषण हेतु मजदूरी व ड्राइवरी करता था। ग्रामीणों ने जीयनपुर थाने में इस्तगासा देकर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा। वहीं तहसीलदार प्रेम प्रकाश राय ने नियमानुसार सरकारी सुविधा दिलाने का भरोसा दिया है ।
Blogger Comment
Facebook Comment