माहुल :आजमगढ़ : फूलपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अंबारी-माहुल मार्ग पर स्थित कौलगढ़ पुल के पास गुरुवार की दोपहर तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित कार पुल की रेलिंग से टकरा कर अंगरी नदी में जा गिरी। इस हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज जौनपुर जिले के शाहगंज स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल बाजार निवासी दिलीप गुप्ता की मां का देहावसान कुछ दिनों पूर्व हो गया है। 22 सितंबर को उसके घर त्रयोदशाह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। गुरुवार को दिलीप गुप्ता ब्रह्मभोज कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र बांटने के लिए निजी कार द्वारा अंबारी क्षेत्र में गया था। वापस घर लौटते समय तेज रफ्तार कार कौलगढ़ पुल के पास अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराने के बाद नदी में गिर गई। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह पानी में डूबी कार में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घायल युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Blogger Comment
Facebook Comment