आजमगढ़ : पूर्व सांसद व सिने अभिनेत्री शबाना आजमी अपने तीन दिन के प्रवास के बाद शनिवार को बाबतपुर एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हो गयी। तीन दिनों में शबाना आजमी ने अपने पैतृक गांव मेजवां के विकास के लिए कई मुद्दों पर चर्चा की। ग्रामीणों ने शबाना आजमी को भरे मन से फतेह मंजिल से विदा किया। फूलपुर तहसील के पैतृक गांव मेजवां से शनिवार की सुबह सिने तारिका शबाना आजमी मुंबई के लिए रवाना होने वाली थी। इसकी सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी लाडली बिटिया को विदा करने के लिए फतेह मंजिल पहुंचना शुरू कर दिये। लोगों ने भावविभोर होकर शबाना को पैतृक गांव से विदा किया। अपने प्रवास के दौरान शबाना ने गांव के विकास, कैफी आजमी गर्ल्स इंटर कालेज व चिकनकारी सेंटर का निरीक्षण कर लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने को कहा। मेजवां से जाते समय शबाना ने कहा कि गांव के विकास के लिए मैं हर संभव प्रयास करूंगी। क्षेत्र की लड़कियों के हक की लड़ाई के लिए मैं हमेशा आगे रहूंगी। विदा होते समय लोगों ने शबाना को फूल-मालाओं से लाद दिया और भावविभोर हो गये। भरे मन से शबाना आजमी ने अपने लोगों को स्नेह के लिए आभार जताया। इस मौके पर नम्रता गोयल, मुकेश सिंह, डिप्टी मैनेजर आशुतोष त्रिपाठी, जयराम, महेन्द्र प्रजापति आदि लोग मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment