.

कई मुहल्लों में जलभराव की समस्या शुरू,नगर पालिका उदासीन


आज़मगढ़ : बारिश का मौसम शुरू होते ही नगर के कई मुहल्लों में जलभराव की समस्या शुरू हो गयी है और बारिश का पानी लोगों के घरों में घुसने लगा। शहर के रहमतनगर मुहल्ले, गुलामी का पूरा वार्ड, शेखपुरवा में रोड पर थोड़ी ही बरसात के बाद लबालब पानी भर जा रहा है , जिसकी वजह से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । गुलामी का पूरा वार्ड में तो हालत यह है की मस्जिद गए नमाजी साफ़ पाक हालत में वापस नहीं लौट सकते हैं जिसको लेकर लोगों में पालिका की व्यवस्था के प्रति काफी आक्रोश है । शहर के अराज़ीबाग़ एरिया में तो 10 मिनट की बारिश के बाद नदी बहने लग रही है। वहीं दीवानी कचहरी में उत्तरी व पूर्वी तरफ के इलाकों में जलजमाव रहा। इससे वकीलों के साथ वादकारियों को काफी फजीहत उठानी पड़ी। शहर क्षेत्र में बीती रात में हुई मूसलाधार बारिश ने नगर पालिका की कलई खोल दी है। नगर के रहमतनगर मुहल्ले, गुलामी का पुरा तथा हर्रा की चुंगी से शेखपुरवा जाने वाले बाईपास रोड पर बारिश का पानी लबालब भरा हुआ था। सभी मुहल्ले काफी घनी आबादी के है और यहां से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है। मुहल्लेवासियों का कहना है कि हर बार बारिश में यही स्थिति हो जाती है। इसके लिए विधायक, चेयरमैन व सभासद से कई बार शिकायत की गयी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे लोगों में काफी आक्रोश है। वहीं बारिश के पानी निकासी की ठीक व्यवस्था न होने के कारण दीवानी कचहरी में वकील व वादकारी दोनों ही परेशान रहे। यह हालात तब है जब बारिश का मौसम शुरू हो रहा है। पालिका प्रशासन की तरफ से नालियों की सफाई न किये जाने से कचहरी के उत्तरी गेट की तरफ हालात ज्यादा खराब हो गये। दीवानी कचहरी का लोअर कोर्ट परिसर में दक्षिण से उत्तर तरफ ढाल है। दो वर्ष पहले परिसर में जब सड़क बनाई गयी तब नालियों के इंतजाम पर ध्यान नहीं दिया गया। अब हालात यह है कि 15-20 मिनट की बारिश में भी उत्तरी गेट का इलाका पानी से भर जाता है। वकीलों के चेम्बरों में भी पानी चला जाता है। अदालतों तक जाने के लिए पानी में होकर ही जाना पड़ता है। यही हालत कचहरी के पूर्वी तरफ भी पार्क के पास की है। कई अदालतों में जाने के लिए वकीलों व वादकारियों को पानी के बीच से होकर जाना पड़ता है। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment