आजमगढ़। लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर मंगलवार की शाम हुई दुर्घटना में घायल युवक ने बुधवार की रात अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने मौत का कारण चिकित्सकीय लापरवाही बताया है। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के दौना जेहतमंदपुर ग्राम निवासी अल्ताफ अहमद का 23 वर्षीय पुत्र फुरकान विदेश में रहकर कमाता था। परिवार वालों ने गांव में ही उसके लिए शादी का रिश्ता तय कर दिया। आगामी आठ अप्रैल को शादी की तिथि सुनिश्चित हो जाने पर मृतक कुछ समय पूर्व विदेश से घर आया था। इन दिनों वह शादी की तैयारी में जुटा हुआ था। तैयारी के सिलसिले में फुरकान मंगलवार को सामान की खरीदारी करने सरायमीर बाजार आया था। शाम करीब चार बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। उसी दौरान सरकारी एंबुलेंस की चपेट में आकर वह घायल हो गया। एंबुलेंस की मदद से उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। शरीर में अंदरूनी चोट को छिपाते हुए जिला अस्पताल के डाक्टर ने उसे स्वस्थ बताकर छुट्टी दे दी। रात में घर पहुंचने पर फुरकान की हालत अचानक गंभीर हुई तो उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचाराधीन युवक ने बुधवार की रात दम तोड़ दिया। परिजनों में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था।
Blogger Comment
Facebook Comment