.

गंभीरपुर :युवक का गला रेत कर फेंका गया शव मिला , दो आरोपित गिरफ्तार

आजमगढ़: गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मसूदपट्टी मड़ईया गांव के सिवान में सोमवार की सुबह गला रेतकर गेहूं के खेत में फेंका गया 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक का गला रेता गया था साथ ही शरीर पर चाकू से कई प्रहार किए गए थे। पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। इस संबंध में मृतक के पिता ने गांव के चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्षेत्र के मसूदपट्टी मड़ईया ग्राम निवासी मनोज (35) पुत्र कांता राम अपनी पत्नी अनीता व चार बच्चों के साथ अपने पिता से अलग रहता था। वह होली की पूर्व संध्या पर खरीदारी के लिए मोहम्मदपुर बाजार के लिए पैदल घर से निकला था। रविवार की रात वह घर नहीं पहुंचा तो उसकी पत्नी ने अपने स्तर से पति की तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चला। सोमवार की सुबह गांव के लोग होली पर्व की तैयारी में जुटे थे। सुबह करीब सात बजे गांव के सीवान में गए लोगों ने गेहूं की फसल को रौदा हुआ देख जब नजदीक गए तो खेत में युवक का रक्तरंजित शव देख अवाक रह गए। मृतक का गला रेता गया था जबकि शरीर पर गहरे जख्म के कई निशान थे। मौके पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी पड़ा था। हत्या की जानकारी मुकामी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में मृतक के पिता कांता राम की गई पुत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए गांव के ही चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है। इस घटना के बाद मृतक की पत्नी अनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन पुत्र व एक पुत्री बताए गए हैं। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment