आजमगढ़.:बिलरियागंज मायके में रह रही पत्नी की विदाई कराने पहुंचे पति को ससुराल वालों ने मंगलवार को दिन में पीट दिया। नाराज पति बुधवार की सुबह फोन पर अपने पत्नी से बात किया और उसे मिलने के लिए बुलाया। घर से पशुओं के लिए चारा काटने निकली पत्नी के बताने पर पति उसके पास पहुंचा और हंसिया छीन कर उस पर कई प्रहार कर दिए। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर महिला की जान बची और आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध बाजार के पास बुधवार को दिन में हुई। क्षेत्र के विजयापार ग्राम निवासी रूपलाल पासवान की शादी स्थानीय पांती ग्राम निवासी कन्हैया सरोज की 24 वर्षीय पुत्री सरोज देवी से हुई है। रूपलाल कमाने की गरज से गैरप्रांत रहता है और इन दिनों वह अपने घर आया है। मंगलवार को रूपलाल नशे की हालत में पत्नी की विदाई कराने अपनी ससुराल पहुंचा। उसकी हालत देख नाराज ससुराल के लोगों ने उसे पीट दिया। उस समय रूपलाल वापस अपने घर लौट गया और बुधवार को दिन में फोन पर अपनी पत्नी सरोज को मिलने के लिए बुलाया। सरोज उस समय पशुओं के लिए चारा काटने घर से निकली थी। वह पटवध बाजार से आगे पालिटेक्निक कालेज के समीप घास काट रही थी, तभी रूपलाल उसके पास पहुंचा और दोनों में विवाद होने लगा। इसी दौरान रूपलाल ने सरोज के हाथ में मौजूद हंसिया छीन लिया और उस पर ताबड़तोड़ प्रहार करने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और आरोपी को दबोच लिया गया। घायल महिला को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहीं पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इस मामले में देर शाम तक मुकामी थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
Blogger Comment
Facebook Comment