आजमगढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में आजमगढ़ के विकास के लिए लिये गये फैसले का चहुंओर स्वागत हो रहा है। जनपद के हाजीपुर बाजार के पास घाघरा पर पुल निर्माण,आजमगढ़ से इलाहाबाद मार्ग को फोरलेन तथा जिला मुख्यालय स्थित रोडवेज के आधुनिकीकरण की घोषणा पर समाजवादी पार्टी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है तथा जनपद के लोगों को बधाई दिया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने एक बयान में कहा कि जब से प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी सरकार बनी है। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव एवं मुख्यमंत्री की सदैव ही जनपद पर नजरे इनायत रही है। जनपद में जनकल्याणकारी योजना हो या मूलभूत सुविधाओं सड़क,बिजली,चिकित्सा ,पानी ,सिचांई ,शिक्षा के लिए अरबों रुपए की परियोजनाओं ने मूर्त रूप लिया है। सठियांव चीनी मिल ,पशु चिकित्सा महाविद्यालय,महिला महाविद्यालय ,विद्युत सब स्टेशन आदि की स्थापना से जनपद के विकास को गति मिली है। श्री यादव ने कहा कि घाघरा नदी पर पुल निर्माण की जनता की मांग बहुत पुरानी रही है और इसके बन जाने से आजमगढ़.गोरखपुर की दूरी बहुत कम हो जायेगी। बसखारी से फैजाबाद फोर लेन बन जाने से आजमगढ़ सीधा लखनऊ फोरलेन से जुड़ जायेगा। वहीं इलाहाबाद.आजमगढ़ फोरलेन होने से जनता को बड़ी राहत मिलेगी। जन. भावनाओं का आदर करते हुए मुख्यमंत्री जी ने ऐतिहासिक फैसला लिया है।
Blogger Comment
Facebook Comment