संजरपुर :आजमगढ़ : सरायमीर थाना क्षेत्र के कौरागहनी गांव से बीते 24 अक्टूबर को लापता हुई 70 वर्षीय वृद्धा का क्षत-विक्षत शव गुरुवार को दिन में क्षेत्र के बखरा गांव के पास धान के खेत से बरामद किया गया। कौरागहनी ग्राम निवासी मुन्नर उर्फ मंगरू यादव की पत्नी 70 वर्षीय कुमारी देवी परिवार के साथ दिल्ली रहती थी। कुमारी देवी की मानसिक हालत कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी। इलाज के दौरान वह कुछ समय पूर्व अपने पैतृक गांव आई थी। बीते 24 अक्टूबर को वह अचानक घर से लापता हो गई। परिजन उसकी तलाश में जुटे और सुराग न मिलने पर वृद्धा के पुत्र महेंद्र यादव ने बीते 25 अक्टूबर को अपने मां की गुमशुदगी सरायमीर थाने में दर्ज कराई। परिजन अपने स्तर से तलाश कर रहे थे कि गुरुवार की दोपहर बखरा गांव स्थित मंगई नदी के किनारे धान के खेत में महिला का शव मिलने की जानकारी होने पर लोग वहां पहुंचे। जानवरों के चलते मृतका का शरीर क्षत-विक्षत हो चुका था। कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त कुमारी देवी के रूप में की गई। परिजनों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को देने के बाद मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका के एक पुत्र बताया गया है।
Blogger Comment
Facebook Comment