रानी की सराय /आजमगढ़ : सपा मुखिया व सदर सांसद मुलायम सिंह के गोद लिए सांसद आदर्श गांव विकास खंड पल्हनी के तमौली में सोमवार को कृषि मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सांसद आदर्श ग्राम योजना जैविक कृषि योजना प्रशिक्षण के तहत एक दिवसीय गोष्ठी हुई। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को विस्तार से जानकारी दी। पंचायत भवन में आयोजित गोष्ठी में राष्ट्रीय जैविक खेती केंद्र गाजियाबाद के वैज्ञानिक डा. चंद्रशेखर ने किसानों को बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सांसद आदर्श गांव को एक उन्नत जैविक गांव के रूप में विकसित करना है। बताया कि जैविक खेती किसानों के लिए आर्थिक, सामाजिक एवं स्वास्थ्य की दृस्टि से काफी उपयोगी है। इसके तहत किसान के घर व खेत से निकलने वाले अपशिष्टों का प्रयोग उत्पादन बढ़ाने के लिए किया जाता है। बताया कि जैविक कृषि में गोवंश का बहुत योगदान होता है। गोवंश से निकलने वाले गो-मूत्र और गोबर का प्रयोग विभिन्न उर्वरकों एवं कृषि रक्षा रसायनों के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। आह्वान किया कि आत्मनिर्भर बनने के लिए किसान जैविक उर्वरक का प्रयोग करें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में वैज्ञानिकों ने किसानों को अन्य उपयोगी जानकारी दी। जिला कृषि अधिकारी बसंत कुमार दुबे, डा. रणधीर, डा. एलसी वर्मा, अनिल कुमार, राजेंद्र शर्मा किसानों को खेती संबंधी आवश्यक जानकारी दी।
Blogger Comment
Facebook Comment