संजरपुर (आजमगढ़) : सरायमीर थाना क्षेत्र के कस्बा फतेहपुर गांव में शनिवार की दोपहर कलियुगी बहू ने खेत में धान की बेहन उखाड़ रही सास पर गड़ासे से ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी सास को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कस्बा फतेहपुर ग्राम निवासी शांति देवी (60) पत्नी जियालाल व उसकी बहू गीता पत्नी विजय के बीच तीन-चार दिनों से किसी बात को अनबन चल रही थी। इसी के चलते शनिवार को दिन में एक बार फिर सास-बहू के बीच विवाद हुआ। दोपहर में शांति देवी परिवार के अन्य लोगों के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने खेत में धान की नर्सरी से बेहन उखाड़ रही थी। शाम करीब चार बजे उसकी बहू गीता गड़ासा लेकर खेत में पहुंची और कृषि कार्य में जुटी सास पर ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिए। सिर, पेट व बांह में घातक चोट लगने के कारण वृद्धा खेत में ही गिर पड़ी। वहां मौजूद लोग आनन-फानन शांति देवी को इलाज के लिए फूलपुर सीएचसी ले गए। चिकित्सक ने हालत गंभीर देख उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने घायल वृद्धा को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाबत स्थानीय पुलिस ने अनभिज्ञता जाहिर की है।
Blogger Comment
Facebook Comment