.

बस की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत , साथी घायल

आजमगढ़ : तहबरपुर थाना क्षेत्र के पंडिताइन की पुलिया के पास मंगलवार की शाम निजी बस के धक्के से बाइक सवार दो युवक घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों  को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई जबकि उसके साथी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। अहरौला थाना क्षेत्र के पूरा दुबे ग्राम निवासी दिलदार यादव (23) पुत्र राजबली कमाने की गरज से सउदी अरब रहता था। एक माह पूर्व वह विदेश से अपने घर लौटा था। मंगलवार को दिन में वह अपने गांव के मित्र वीरेंद्र यादव (27) पुत्र हौसिला के साथ किसी कार्यवश मोटरसाइकिल से जिला मुख्यालय आया था। काम निपटाकर दोनों वापस घर लौट रहे थे। तहबरपुर थाना क्षेत्र में शाम करीब पांच बजे पंडिताइन की पुलिया के पास विपरीत दिशा से आ रही निजी बस की चपेट में आ जाने से दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से जख्मी दिलदार यादव की रात करीब साढ़े 11 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया। इस हादसे से मृतक के घर कोहराम मचा हुआ है। मृतक के एक पुत्री बताई गई है। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment