आजमगढ़। जिले में नेट सेवा बंद होने के कारण बुधवार को मऊ जनपद काम निपटाने गये निजी दूर संचार कम्पनी के कर्मचारी वापसी में रात करीब 2.30 बजे दुर्घटना के शिकार हो गये। आनन-फानन सभी को जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया जबकि बाकी का उपचार विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
बताते हैं कि अहरौला थाना क्षेत्र के गहजी गांव निवासी जितेंद्र (22) पुत्र अमिलेश सिंह एक निजी दूर संचार कम्पनी में काम करता है। उसी के साथ शहर के आसिफगंज निवासी नितिन वर्मा (25), अब्दुल्ला (22), दलसिंगार मोहल्ला निवासी फैज (24), साबिर (19) व इब्राहिम (22) भी उसी कम्पनी में काम करते हैं। बुधवार को सभी वैगन आर कार से काम निपटाने मऊ गये थे। रात करीब 2.30 बजे सभी वापस लौट रहे थे कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के खुखड़ीपुर सठियांव के पास अज्ञात वाहन से धक्का लगने से वैगन आर अनियंत्रित होकर पलट गयी। कार सवार सभी लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया जहां जितेंद्र को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का शहर के विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Blogger Comment
Facebook Comment