आजमगढ़. जिले के कई युवाओं ने मेहनत और लगन के बल पर मनचाही मंजिल प्राप्त की। पीसीएस 2015 परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले युवाओं के परिवार के साथ ही गांव में भी जश्न का माहौल है। गांव में पहुंचने पर लोगों ने जोरदार स्वागत किया। फूलपुर तहसील क्षेत्र के चकिया पल्थी गांव निवासी संजय सिंह उर्फ सोनू पुत्र चंद्रभान सिंह ने पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर असिस्टेंट कमिश्नर उद्योग पद पर चयनित हुए हैं। इनके पिता किसान हैं और माता गीता सिंह गृहणी। संजय के चयन से परिवार में ही नहीं पूरे गांव में खुशी का माहौल है। मंगलवार की दोपहर संजय घर पहुंचे तो समाजसेवी कमला सिंह, अभिजीत सिंह, वेदप्रकाश सिंह, पुष्पा, कविता आदि ने स्वागत किया। दादी विद्या देवी, चाचा चंद्रप्रकाश, श्रीप्रकाश ने गले लगाकर सफलता की बधाई दी। इसी तहसील क्षेत्र के खेता पट्टी गांव निवासी सुमित कुमार सिंह पुत्र स्व. गिरिजा शंकर का चयन नायब तहसीलदार पद पर हुआ है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता गीता सिंह, बड़े पिता हौसिला प्रसाद व बड़ी मां मनोरमा को दिया। इसी तहसील क्षेत्र के इटकोहिया गांव निवासी सत्येंद्र कुमार यादव पुत्र विश्वनाथ यादव का चयन सब रजिस्ट्रार पद पर हुआ है। इसके पूर्व इन्होंने लोवर पीसीएस परीक्षा 2013 भी उत्तीर्ण किया था। इसमें इनका चयन अधीशासी अधिकारी नगर पंचायत पद पर हुआ था। सत्येंद्र ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार व मित्रों को दिया। मंगलवार को घर पहुंचने पर परिवार के लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इसी क्रम में सगड़ी तहसील क्षेत्र के नैनीजोर गांव निवासी शैलेश सिंह पुत्र बृजबिहारी सिंह का चयन कामर्शियल टैक्स आफिर्सस पद पर हुआ है। शैलेश ने भी लोवर पीसीएस परीक्षा 2013 उत्तीर्ण की थी। उस समय इनका चयन आपूर्ति निरीक्षक पद पर हुआ था। शैलेश के बड़े भाई मान्धाता सिंह व डा. चंद्रसेन सिंह वैज्ञानिक हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय बाबा शिवकुमार सिंह को दिया है।
Blogger Comment
Facebook Comment