.

आजमगढ़: भ्रष्टाचार के खिलाफ बदलाव की लड़ाई लड़ेंगे अलंकार अग्निहोत्री



भारत रक्षा दल कार्यालय पंहुचे पूर्व एडीएम, 2027 में चुनाव लड़ने का ऐलान

आजमगढ़: राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के अध्यक्ष एवं पूर्व अपर जिला मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री गुरुवार को भारत रक्षा दल के कटरा स्थित कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने माला और गमछा पहनाकर तथा भगत सिंह का चित्र भेंटकर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम में सबसे पहले हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने भारत रक्षा दल की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। इसके बाद अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार समाप्त करने का संकल्प लेकर सत्ता में आए लोगों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार कई गुना बढ़ गया है। दलालों की बड़ी फौज खड़ी कर दी गई है और सत्ता बचाने के लिए समाज को जाति एवं वर्गों में बांटा जा रहा है। उन्होंने यूजीसी कानून को कलंक बताते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं को जाति के नाम पर बांटकर युवा शक्ति को कमजोर करने की कोशिश सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि देश और समाज के बिगड़ते हालात देखकर चुप रहना संभव नहीं था, इसलिए उन्होंने नौकरी से त्यागपत्र देकर बदलाव की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है। अब बदलाव कराकर ही दम लेंगे। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा प्रदेश की सभी 403 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगा। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं से काफी कुछ सीखने को मिला है और उनका साथ मिलने से बदलाव की मुहिम और मजबूत होगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा और भारत रक्षा दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment