.

आजमगढ़: एसकेडी ग्रुप के विद्यालयों में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस




सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने किया गुरुजनों का सम्मान

आजमगढ़: जहानागंज क्षेत्र के धनहुआँ स्थित एसकेडी विद्या मंदिर, एसकेडी इंटर कॉलेज तथा एसकेडी लोटस वैली स्कूल, जहानागंज में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों के सम्मान में गीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षक के संघर्ष, समर्पण और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में उनके योगदान को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया।इस अवसर पर एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन श्री विजय बहादुर सिंह ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं उनके शैक्षिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “किसी भी विद्यार्थी का सबसे बड़ा नायक उसका गुरु होता है। गुरु से प्राप्त शिक्षा और संस्कारों के आधार पर ही विद्यार्थी के जीवन रूपी भवन का निर्माण होता है। माता-पिता के बाद शिक्षक ही वह व्यक्ति है, जो बच्चों को ज्ञान, अनुशासन और जीवन जीने की सही दिशा देता है। इसलिए जीवन में शिक्षक के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।” विद्यालय के प्रधानाचार्य के. के. शरण ने भी समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों के प्रति सदैव सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से शिक्षकों ने सामूहिक रूप से केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्रीकांत सिंह, पी. एन. पाण्डेय, तुहीना हलदर, योगेश अस्थाना, राजेश, आशीष, रंजना, प्रियंका, नेहा सहित एसकेडी ग्रुप के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment