.

आजमगढ़: पूजा के दौरान पति ने पत्नी व दो पंडितों को मारी गोली,3 की मौत


पूजा के दौरान आधार कार्ड मांगने को लेकर हुआ विवाद

आजमगढ़: जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा के दौरान आधार कार्ड मांगने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि घर के मालिक अरविंद सिंह ने पिस्टल से फायरिंग कर अपनी पत्नी बबीता सिंह समेत पूजा कराने आए दो पंडितों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी अपने तीन बच्चों के साथ घर के अंदर ही बंद हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों और तीन थानों की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर घर को चारों तरफ से घेर लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम अरविंद सिंह के घर में पूजा चल रही थी। उस समय पटखौली गांव निवासी पंडित महेंद्र पाठक (42), छितौना भटौली गांव निवासी पंडित अखिलेश मिश्रा (55), उनके पुत्र हिमांशु मिश्रा और एक अन्य पंडित मौजूद थे। घर में अरविंद की पत्नी बबीता सिंह (40), उसकी मां समला देवी (70) तथा बच्चे परी (5), लक्खा (6) और सात माह की बेटी भी मौजूद थे। बताया गया कि शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से घर पहुंचा। घर में पूजा होते देखकर उसने पंडितों से जानकारी ली। इसके बाद उसने पंडितों से आधार कार्ड मांगना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर अरविंद और पंडितों के बीच बहस होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अरविंद ने घर में रखी पिस्टल निकाल ली और फायरिंग कर दी।
गोली लगने से अरविंद की पत्नी बबीता सिंह तथा पंडित महेंद्र पाठक और पंडित अखिलेश मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, एसपी ग्रामीण चिराग जैन समेत पुलिस अधिकारी और तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद अरविंद ने खुद को अपने तीन बच्चों के साथ घर के अंदर बंद कर लिया। पुलिस ने पूरे घर को घेर लिया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए। मौके पर फॉरेंसिक टीम और पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे विवाद की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment