जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित हुई राष्ट्रीय लोक अदालत, 1,24,817 वाद किए गए थे चिह्नित
आजमगढ़: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर शनिवार को जनपद न्यायालय परिसर आजमगढ़ में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित लोक अदालत में न्यायिक अधिकारियों, बैंक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों ने भाग लिया। लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश पाण्डेय ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों और अन्य पदाधिकारियों ने मां सरस्वती के समक्ष पुष्पार्चन किया। लोक अदालत को आम आदमी के लिए महत्वपूर्ण वैकल्पिक विवाद समाधान तंत्र बताते हुए जनपद न्यायाधीश ने कहा कि इसके माध्यम से विवादों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान किया जाता है। लोक अदालत में दिए गए फैसले अंतिम होते हैं और उनके खिलाफ सामान्य तौर पर किसी ऊपरी न्यायालय में अपील नहीं होती। आपसी सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का निस्तारण होने से पक्षकारों के बीच विवाद समाप्त होता है और किसी पक्ष की हार-जीत नहीं होती। राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण के लिए कुल 1,24,817 वाद चिह्नित किए गए थे। इनमें से 1,19,103 वादों का निस्तारण किया गया। इस दौरान 22,13,74,224 रुपये की धनराशि का समझौता हुआ। प्रिलिटिगेशन स्तर पर 1,03,507 मामलों का निस्तारण किया गया, जबकि न्यायालयों में लंबित 15,596 दीवानी एवं फौजदारी वादों का भी निस्तारण हुआ। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीशों तथा अन्य न्यायिक अधिकारियों की अदालतों में विभिन्न मामलों का निस्तारण किया गया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, विशेष न्यायालय, पॉक्सो एक्ट और अन्य न्यायालयों में भी बड़ी संख्या में वादों का निस्तारण हुआ। पारिवारिक न्यायालयों में भी लोक अदालत का विशेष प्रभाव देखने को मिला। विभिन्न पारिवारिक न्यायालयों में कुल 107 वादों का निस्तारण किया गया, जिनमें 27 दंपतियों ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने का निर्णय लिया। लोक अदालत में जिला कारागार, निरुद्ध बंदियों के मामलों तथा विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। एक जिला-एक उत्पाद के तहत निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी, मुबारकपुर की रेशमी साड़ी और चिकित्सा शिविर के स्टॉल भी लगाए गए। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ की ओर से किया गया। अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया।
Blogger Comment
Facebook Comment