.

आजमगढ़: विद्यालयों में हुई लाखों की चोरी का खुलासा, अंतरजनपदीय गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार



7.25 लाख का चोरी का सामान बरामद, एक के पास से तमंचा और कारतूस भी मिला

आजमगढ़: बरदह थाना पुलिस ने विद्यालयों में हुई चोरी की बड़ी वारदात का सफल खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग सवा सात लाख रुपये कीमत का चोरी गया सामान बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी चोरी के सामान को टाटा मैजिक वाहन में लादकर जौनपुर बेचने जा रहे थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया है। एक अभियुक्त के पास से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस तथा थाना तरवा क्षेत्र के विद्यालय से चोरी किए गए 2000 रुपये भी बरामद हुए हैं।
बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम असवनिया स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय में 18 मई की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर छत पर लगे सोलर प्लेट, डिजिटल बोर्ड, सीपीयू, प्रिंटर, बैटरी, स्टेबलाइजर, एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में 19 मई को विद्यालय की प्रधानाध्यापिका और प्रधानाध्यापक की तहरीर पर थाना बरदह में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम 26 मई की रात गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पारा मोड़ पर मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का सामान वाहन में लादकर जौनपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गोहहरा की तरफ से आ रही टाटा मैजिक को रोकने का प्रयास किया। चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन समेत पांच आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आदित्य सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी कमरिया थाना तरवा, विपिन सिंह पुत्र विजय नाथ सिंह निवासी असवनिया थाना बरदह, राहुल राजभर पुत्र जेठू राजभर निवासी गोठाव थाना बरदह, संदीप सरोज पुत्र जमुना सरोज निवासी इरनी थाना बरदह तथा रवि राव पुत्र स्वर्गीय मंशा राव निवासी नमदारपुर थाना कंधरापुर बताया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों निखिल सिंह और छोटू उर्फ हिमांशु सिंह के साथ मिलकर दोनों विद्यालयों में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 सोलर प्लेट, इंडेन गैस सिलेंडर, ओकाया बैटरी, स्टेबलाइजर, सीपीयू, एलईडी टीवी, दो डिजिटल बोर्ड, माउस, जूट का रस्सा, टाटा मैजिक वाहन, एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और 2000 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में राहुल राजभर ने बताया कि बरामद 2000 रुपये थाना तरवा क्षेत्र स्थित सीवी इंटर कॉलेज से चोरी किए गए पैसों में बचे हुए रुपये हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment